असम में बाढ़ का संकट बरकरार, सलमान-कार्तिक-रणदीप ने बढ़ाया मदद का हाथ
राज्य में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन हजारों परिवार अब भी राहत शिविरों में हैं। इस बीच सलमान खान, रणदीप हुड्डा और कार्तिक आर्यन समेत कई बॉलीवुड सितारे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं।

गुवाहाटी: असम में बाढ़ की स्थिति में शनिवार को कुछ सुधार जरूर दर्ज किया गया, लेकिन संकट अभी पूरी तरह टला नहीं है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, राज्य के सात जिले, 20 राजस्व सर्किल और 349 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। वर्तमान में करीब 1.78 लाख लोग इस आपदा से प्रभावित हैं।
राज्य में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। फिलहाल 44 राहत शिविरों में लगभग 15 हजार विस्थापित लोगों को आश्रय दिया गया है, जबकि राहत वितरण केंद्रों के माध्यम से प्रभावित परिवारों तक भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई जा रही है। पिछले 24 घंटों में बाढ़ से किसी नई मौत की सूचना नहीं मिली है, हालांकि इस वर्ष बाढ़ और इससे जुड़ी घटनाओं में अब तक 82 लोगों की जान जा चुकी है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाना, पुनर्वास सुनिश्चित करना और सामान्य स्थिति बहाल करना है। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों का लगातार विस्तार किया जा रहा है ताकि कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे।
इसे भी पढ़ें – राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर संसद में विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन
हालांकि मौजूदा हालात में कुछ सुधार देखने को मिला है, लेकिन इस वर्ष का बाढ़ सीजन असम के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है। 29 अप्रैल से 31 जुलाई के बीच बाढ़ ने राज्य के 25 जिलों, 77 राजस्व सर्किलों और 2,251 गांवों को प्रभावित किया। इस दौरान 11.45 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए, जबकि 29,985 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बाढ़ से 2,530 मकान पूरी तरह और 9,668 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत कार्यों के लिए राज्यभर में 1,811 राहत वितरण केंद्र स्थापित किए गए हैं तथा 218 राहत शिविरों में हजारों विस्थापित लोगों को आश्रय उपलब्ध कराया गया।
बॉलीवुड ने बढ़ाया मदद का हाथ
असम की इस त्रासदी के बीच बॉलीवुड से भी संवेदना और सहयोग की मिसाल देखने को मिली है। कई फिल्मी सितारे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं।
अभिनेता रणदीप हुड्डा स्वयं बाढ़ प्रभावित शिवसागर पहुंचे। उन्होंने राहत सामग्री वितरित की, पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और लंगर सेवा में हिस्सा लिया। उन्होंने देशवासियों से भी अपील की कि वे असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आगे आएं।
सलमान खान ने अपने एनजीओ ‘बीइंग ह्यूमन’ के माध्यम से राहत अभियान शुरू किया है। उनकी टीम प्रभावित इलाकों में भोजन, राशन किट, दवाइयां, पेयजल, सैनिटरी नैपकिन और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करा रही है। बताया जा रहा है कि यह अभियान कई चरणों में चलाया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंच सके।
इसे भी पढ़ें – असम के भार्गव सैकिया की फिल्म ‘बोक्शी’ अक्टूबर में होगी रिलीज
वहीं अभिनेता कार्तिक आर्यन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपये का योगदान दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और इसे संकट की घड़ी में महत्वपूर्ण सहायता बताया।
इसके अलावा आलिया भट्ट, भूमि पेडनेकर, गुरु रंधावा और अरमान मलिक सहित कई अन्य कलाकारों ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से असम के बाढ़ पीड़ितों की मदद करने और राहत कार्यों में सहयोग देने की अपील की है।
प्राकृतिक आपदा के इस कठिन दौर में सरकार, राहत एजेंसियों और आम लोगों के साथ-साथ फिल्म जगत से मिली यह सहायता और संवेदना बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए उम्मीद की एक नई किरण बनकर सामने आई है।








